March 28, 2024

Jagriti TV

न्यूज एवं एंटरटेनमेंट चैनल

दुनियाभर में अरबपतियों के मामले में भारत का तीसरा स्थान

भारत में 30 मिलियन अमेरिकी डालर (लगभग 226 करोड़ रुपये) या उससे अधिक की संपत्ति वाले अत्यधिक धनी लोगों (अल्ट्रा-हाई-नेट वर्थ-इंडिविजुअल्स) (UHNWI) की संख्या में पिछले साल 2021 में 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इतना ही नहीं, भारत अब दुनियाभर में अरबपतियों की संख्या के मामले में तीसरे स्थान पर आ गया है। रियल एस्टेट सलाहकार नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट के अनुसार, अत्यधिक धनी लोगों की संख्या में यह बढ़ोतरी शेयर बाजारों में तेजी और डिजिटल क्रांति के चलते हुई। विश्व स्तर पर अमेरिका 748 अरबपतियों के साथ पहले स्थान पर है, जिसके बाद 554 अरबपतियों के साथ चीन दूसरे स्थान पर और 145 अरबपतियों के साथ भारत तीसरे स्थान पर है।
नाइट फ्रैंक ने ‘द वेल्थ रिपोर्ट 2022’ के अपने ताजा संस्करण में कहा है कि वैश्विक स्तर पर अत्यधिक धनी लोगों की संख्या 2021 में 9.3 प्रतिशत बढ़कर 6,10,569 हो गई, जो इससे पिछले साल 5,58,828 थी। नाइट फ्रैंक ने एक बयान में कहा कि भारत में अत्यधिक धनी लोगों (तीन करोड़ अमेरिकी डॉलर या उससे अधिक शुद्ध संपत्ति) की संख्या में 2021 में सालाना आधार पर 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में अधिक नेटवर्थ वाले अमीरों की संख्या 2021 में 13,637 हो गई, जो इससे पिछले साल 12,287 थी।

अत्यधिक धनी लोगों की संख्या में सर्वाधिक वृद्धि बेंगलुरु में देखी गई। वहां इनकी संख्या 17.1 प्रतिशत बढ़कर 352 हो गई। उसके बाद दिल्ली (12.4 प्रतिशत बढ़कर 210) तथा मुंबई (नौ प्रतिशत बढ़कर 1,596) का स्थान रहा। नाइट फ्रैंक ने अत्यधिक धनी लोगों की संख्या 2026 तक 39 प्रतिशत बढ़कर 2021 में 13,637 के मुकाबले 19,006 होने का अनुमान लगाया है। जो 2016 में महज 7,401 थी।