April 19, 2024

Jagriti TV

न्यूज एवं एंटरटेनमेंट चैनल

पत्नी को पसंद नहीं आया मेकअप, नगर निगम के जेई ने सलून पर चलवाया बुलडोजर

हरियाणा के गुरुग्राम में एक अजीब मामला सामने आया है। यहां पर नगर निगम के जेई ने एक सलून पर बुलडोजर चलवा दिया। यह बुलडोजर अतिक्रमण या गैर कानूनी काम के लिए नहीं चलवाया गया, बल्कि इसलिए किया गया क्योंकि ब्यूटी पार्लर में जेई की पत्नी मेकअप करवाने पहुंची थीं। जेई की पत्नी को मेकअप पसंद नहीं आया तो मामला बिगड़ गया। सैलून में मारपीट हुई और बुलडोजर चला। हालांकि मामला मीडिया में उछला तो विभाग ने जेई को निलंबित कर दिया है।
मामला सेक्टर-38 स्थित कट स्टाइल सलून का है। दिल्ली महरौली निवासी और सलून के मैनेजर संदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे नगर निगम के जेई राकेश कुमार अपनी पत्नी और एक अन्य महिला के साथ आए। सलून मालिक ने कहा कि इन्हें जो सुविधा चाहिए, वो दे दो। जेई फेशियल कराकर चले गए। उनकी पत्नी और दूसरी महिला वहीं रुक गईं।

हेयर स्टाइल नहीं आई पसंद
जेई की पत्नी को जिस प्रॉडक्ट से मेकअप कराना था, वह सलून में नहीं था। स्टाफ ने वह प्रॉडक्ट मंगवाने की बात कही। इसी बीच महिला की साड़ी बांधी गई, लेकिन वह उन्हें पसंद नहीं आई। फिर हेयर स्टाइल भी नापसंद कर दिया। इस पर जेई की पत्नी ने ब्यूटीशियन से बदसलूकी की और पति को कॉल कर बुला लिया।

5000 रुपये का बना बिल पर, नहीं दिया
जेई बिल के 5 हजार रुपये दिए बिना दोनों महिलाओं को लेकर चले गए। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारी से मारपीट भी की। करीब 10 मिनट बाद ही नगर निगम की गाड़ी से कर्मचारी आए और शॉप के ऊपर लगे बोर्ड को 10 मिनट में हटाने को कहा। फिर टीम ने बोर्ड तोड़ दिया। सलून के नाम से बनी कुछ होर्डिंग ऑटो में रखी थी, जिसे टीम लेती गई।
जेई पर एफआईआर दर्ज
सलून का आरोप है कि सूलन के एक कर्मचारी ने उन लोगों को रोका तो निगम के कर्मचारियों ने उसे धक्का मारा। सलून मैनेजर की शिकायत पर जेई व अन्य के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और तोड़फोड़ के आरोप में सदर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। सदर थाना एसएचओ इंस्पेक्टर दिनेश ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।