April 20, 2024

Jagriti TV

न्यूज एवं एंटरटेनमेंट चैनल

जहांगीरपुरी:भाईचारा बढ़ाने के लिए निकाली गई यात्रा, दोनों समुदायों ने भारत माता की जय के नारे लगाए

जहांगीरपुरी में बीते दिनों जिस इलाके में हिंसा हुई थी, वहां भाईचारा बनाए रखने के लिए दोनों समुदाय के लोगों ने मिलकर तिरंगा यात्रा निकाली। जहांगीरपुरी के कुशल चौक से शुरू हुई ये तिरंगा यात्रा आजाद चौक पर खत्म हुई। यात्रा में शामिल लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। लोगों ने अपने घर की छतों से तिरंगा यात्रा पर फूल बरसाए।

नॉर्थ वेस्ट दिल्ली की DCP उषा रंगनानी ने बताया, दो दिन पहले मीटिंग में दोनों समुदायों की तरफ से तिरंगा यात्रा निकालने की मंजूरी मांगी गई थी। यात्रा में दोनों समुदायों लोगों से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की, इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में तय जगहों से यह यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा जहांगीरपुरी के कुशल चौक से शुरू हुई और जिस जामा मस्जिद के सामने पथराव हुआ था, वहां से होते हुए आजाद चौक पर खत्म हुई। यात्रा में करीब 50 लोगों के शामिल होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन कहीं ज्यादा लोग शामिल हुए।

दूसरी तरफ, ED ने जहांगीरपुरी हिंसा के मुख्य आरोपी अंसार शेख और अन्य संदिग्धों की संपत्तियों की जांच के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का मामला भी दर्ज किया है। दरअसल, पुलिस के मुताबिक शेख को हिंसा के लिए विदेश से फंडिंग होने आशंका है। उसके पास पश्चिम बंगाल के हल्दिया में एक बड़ी हवेली भी है, जिसके बाद संपत्तियों की जांच की जा रही है।

तृणमूल कांग्रेस की सांसद काकोली घोष दस्तीदार शुक्रवार को जहांगीरपुरी पहुंची थीं। उन्होंने दावा किया कि जहांगीरपुरी के इलाकों में लगाए गए प्रतिबंधों की वजह से वहां के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा- 16 अप्रैल को जहां हिंसा हुई वहां रह रहे लोगों को पिंजरे में रखा गया है और बाहर आने की इजाजत नहीं है।